सरायकेला-खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण हालात बेहद गंभीर हो गए हैं।
जमशेदपुर और सरायकेला सीमा से सटी स्वर्णरेखा व खरकई नदियों के विकराल रूप धारण करने से कपाली नगर परिषद क्षेत्र के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण कपाली को सीधे जमशेदपुर से जोड़ने वाला मुख्य ‘जाकिर पुल’ पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे कपाली की हजारों की आबादी का संपर्क जमशेदपुर से टूट गया है और आवागमन पूरी तरह ठप पड़ गया है।
पुल पर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद कपाली और जाकिरनगर सीमा पर आवाजाही के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज जलधारा के बीच सड़क पार करने की कोशिश में एक स्थानीय युवक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में बहने लगा। युवक को बहता देख कपाली-जाकिरनगर के स्थानीय जांबाज युवाओं ने अदम्य साहस का परिचय दिया।

उन्होंने बिना देर किए अपनी जान जोखिम में डाली और रस्सियों की मदद से तेज धार में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कपाली के तटीय और निचले मोहल्लों में पानी घुसने की आशंका से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत है। सरायकेला जिला प्रशासन और स्थानीय निकाय की टीमें हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और राहत दलों को मुस्तैद कर दिया गया है। प्रशासन ने कपाली के नागरिकों से सख्त अपील की है कि वे जाकिर पुल और उफनती नदी के किनारों की ओर बिल्कुल न जाएं, बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और वैकल्पिक सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें।









One Response