Saraikela (सरायकेला) : नगर निकाय चुनाव की बढ़ती सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी मशीनरी को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। सरायकेला में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुमित कुमार चौधरी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने वर्तमान राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों में झारखंड विकास की पटरी से उतरकर बदहाली की कगार पर पहुँच गया है।
सरकार नहीं, ‘लूट का अड्डा’ है गठबंधन: साहू
हेमंत सोरेन नीत गठबंधन सरकार को घेरते हुए आदित्य साहू ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी बेखौफ हैं और जनता भय के साये में जीने को मजबूर है। साहू के अनुसार:
”आज झारखंड की माताओं-बहनों की अस्मत सुरक्षित नहीं है। प्रतिष्ठित लोगों के घरों के बाहर गुंडे खुलेआम धमकी भरे पर्चे चिपका रहे हैं। यह सरकार जनता की सेवा के बजाय ‘लूट का अड्डा’ बन चुकी है।”

भ्रष्टाचार और आर्थिक अनियमितता का आरोप
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर तीखे तेवर अपनाते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई के 10 हजार करोड़ रुपये का कोई हिसाब-किताब नहीं मिल रहा है। उन्होंने वर्तमान शासन को ‘जनविरोधी’ करार देते हुए कहा कि युवा, महिला, किसान और व्यापारी वर्ग इस सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं।
48 निकायों में कमल खिलाने का दावा
आगामी चुनावों को लेकर साहू ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि झारखंड की जनता अब ‘धोखा और झूठ’ की राजनीति को समझ चुकी है। राज्य के सभी 48 नगर निकायों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत का दावा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता और बागियों पर पार्टी की पैनी नजर है।
चंपई सोरेन के साथ संबंधों पर स्पष्टीकरण
पार्टी के भीतर मतभेदों की खबरों को खारिज करते हुए साहू ने पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक चंपई सोरेन को अपना आदर्श और वरिष्ठ नेता बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा एकजुट है और सामूहिक संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है।







