Saraikela Street Light Project: आदित्यपुर–कांड्रा सड़क पर 14 साल बाद , CSR के तहत लगेंगी 260 नई स्ट्रीट लाइट, उपायुक्त की पहल से टोल रोड पर घटेंगी सड़क दुर्घटनाएं
आदित्यपुर–कांड्रा सड़क पर प्रतिदिन आवागमन करने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। 15.5 किलोमीटर लंबी इस टोल सड़क पर वर्ष 2011 में जेएआरडीसीएल द्वारा केवल 6.9 किलोमीटर हिस्से में ही पथ प्रकाश की व्यवस्था की गई थी, जबकि शेष करीब 8.5 किलोमीटर सड़क पिछले 14 वर्षों से अंधेरे में डूबी हुई थी। घनघोर अंधेरे के कारण इस मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही थी।
सामाजिक संगठन जनकल्याण मोर्चा द्वारा कई बार पत्राचार किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था। हालांकि, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लिया। उनके प्रयासों से झारखंड सरकार के पथ निर्माण सचिव सुनील कुमार के सहयोग से अब इस सड़क के अंधेरे हिस्सों में CSR योजना के तहत नई स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी आरकेएफएल द्वारा लगभग 8.5 किलोमीटर सड़क पर प्रत्येक 35 मीटर की दूरी पर 12 मीटर ऊंचे अंडरग्राउंड स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जा रहे हैं।
इस योजना के तहत करीब 260 स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाने की संभावना है, जिसका कार्य लगभग तीन महीने में पूरा हो जाएगा। इससे पहले दुर्गा पूजा के दौरान विशेष परिस्थिति में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के प्रयास से दर्जनों खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक कराया गया था, जिससे आम जनता को काफी सुविधा मिली। सामाजिक संगठनों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन और आरकेएफएल कंपनी की सराहना की है।