एस आर रूंगटा बी-डिविजन लीग 2021-22, रूंगटा ग्रुप की लगातार दूसरी जीत

Chaibasa :- पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एस आर रूंगटा बी-डिविजन लीग के अंतर्गत आज खेले गए ग्रुप-सी के मैच में एस आर रुंगटा ग्रुप की टीम ने फ्रेंडस कोल्टस चाईबासा को 90 रनों से पराजित कर न सिर्फ चार अंक हासिल किए बल्कि सेमी फाईनल में खेलने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है.

 

अंकित राज

स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस फ्रेंडस कोल्टस चाईबासा के कप्तान ने जीता तथा पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए एस आर रूंगटा ग्रुप की टीम ने अंकित राज के शानदार शतक के बदौलत निर्धारित 30 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 281 रन ठोक डाले. अंकित राज ने 14 चौकों एवं तीन छक्कों की सहायता से 115 रनों की नाबाद पारी खेली. वहीं मध्यम क्रम में बल्लेबाजी करने आए विजय रोहित ने भी फ्रेंडस कोल्टस की कमजोर गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए पाँच चौकों एवं छः छक्कों की सहायता से 83 रन बनाए. कप्तान अभिषेक कच्छप ने भी 28 रनों की उपयोगी पारी खेली. फ्रेंडस कोल्टस चाईबासा की ओर से राकेश गागराई ने 62 रन देकर दो विकेट लिए.

जीत के लिए निर्धारित 30 ओवरों में 282 रनों के पहाड़ सा स्कोर का पीछा करने उतरी फ्रेंडस कोल्टस चाईबासा की टीम ने भी अच्छा प्रतिरोध किया परन्तु पूरे 30 ओवर खेलकर सात विकेट के नुकसान पर 191 रन ही जुटा पाई और 90 रनों से मैच गंवा बैठी. इस टीम की ओर से वैभव गौर ने 44, बी बालमुचू ने 28, अनित रोशन कुजूर ने 22, अमित गोप ने 16 तथा अतुल ने 15 नाबाद रन बनाए. एस आर रूंगटा ग्रुप की ओर से प्रेम कुमार ने 56 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए जबकि अमन कुमार को दो सफलता हाथ लगी. कल चाईबासा क्रिकेट क्लब का मुकाबला फ्रेंडस क्लब चाईबासा से होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *