सरायकेला (कांड्रा): कांड्रा थाना क्षेत्र के डुरांग गांव में शनिवार शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहां 27 वर्षीय युवक प्रकाश महतो ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरा गांव स्तब्ध है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक प्रकाश महतो आरएमपी डॉक्टर गंगाधर महतो का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे प्रकाश बाहर से घूमकर घर लौटा था। वह पूरी तरह सामान्य दिखाई दे रहा था। उसने अपनी मां के साथ बैठकर चाय-बिस्कुट लिया और काफी देर तक बातचीत भी की। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। लगभग एक घंटे बाद जब उसकी मां किसी काम से कमरे में गई, तो उसे फंदे से लटका पाया।
यह दृश्य देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी तुरंत कमरे में पहुंचे। आनन-फानन में प्रकाश को फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश महतो देहरादून स्थित देवभूमि विश्वविद्यालय का छात्र था और हाल ही में छुट्टियां बिताने अपने घर आया था। वह पढ़ाई में सामान्य था और उसके व्यवहार में किसी प्रकार के तनाव या अवसाद के संकेत नहीं दिखे थे। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रकाश मिलनसार स्वभाव का था और उसके इस कदम से पूरा गांव गहरे सदमे में है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।








