गुवा संवाददाता। गुवा के कच्छी धौड़ा स्थित गुवा सेल सीएसआर द्वारा संचालित आशाएं हथकरघा केंद्र में मंगलवार को 13वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार और महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को सम्मानित किया।
वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह समारोह 2025: गुवा अयस्क खान की ऐतिहासिक उपलब्धि

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि आजादी से पूर्व Mahatma Gandhi ने हथकरघा और स्वदेशी आंदोलन को बढ़ावा देकर विदेशी वस्त्रों के बहिष्कार का आह्वान किया था। उनके प्रयासों ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी, बल्कि देश को आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश भी दिया।
उन्होंने कहा कि आज उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए गुवा सेल सीएसआर द्वारा संचालित यह हथकरघा केंद्र महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पिछले 13 वर्षों से यह केंद्र स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और अपने परिवार की आजीविका में सहयोग कर रही हैं।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक आर.के. बंगा, आर.के. सिन्हा, प्रवीण कुमार, भीके सुमन, डीजीएम सीएसआर अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी और महिला समिति की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
यह हथकरघा केंद्र न केवल पारंपरिक कला को संरक्षित कर रहा है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता की नई राह भी दिखा रहा है।








