Jamshespur (जमशेदपुर) : शहर के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। Tata Steel Zoological Park में बाघिन मेघना ने दो स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। यह खुशखबरी न सिर्फ जू प्रबंधन बल्कि पूरे जमशेदपुरवासियों के लिए उत्साह का विषय है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाघिन मेघना ने 27 नवंबर 2027 को दिन के समय दोनों शावकों को जन्म दिया। हालांकि, जू के निर्धारित प्रोटोकॉल और मां एवं शावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सूचना को तत्काल सार्वजनिक नहीं किया गया। अब जू प्रशासन ने पुष्टि की है कि दोनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी स्थिति स्थिर है। पशु चिकित्सकों और केयर टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
जनभागीदारी से रखा गया था नाम
बाघिन मेघना का नाम जमशेदपुर के जू प्रेमियों द्वारा आयोजित एक सार्वजनिक नामकरण प्रतियोगिता के माध्यम से चुना गया था। इसी प्रतियोगिता में शावकों के पिता बाघ रुद्र का नाम भी नागरिकों ने ही तय किया था।
नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से लाए गए थे
मेघना और रुद्र, दोनों को गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर, नागपुर से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क लाया गया था। दोनों ही वन्य उत्पत्ति (वाइल्ड ओरिजिन) के बाघ हैं।
शावकों के नामकरण के लिए जल्द होगी प्रतियोगिता
जू प्रशासन ने बताया कि जनभागीदारी की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जल्द ही इन दोनों नवजात शावकों के नामकरण के लिए एक नई प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाएगा।
लंबे समय बाद हुआ बाघों का जन्म
जू परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी विशेष है क्योंकि लंबे समय के बाद पार्क में बाघों का जन्म हुआ है। यह उपलब्धि वन्यजीव संरक्षण और पशु कल्याण के प्रति टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जू प्रबंधन और कर्मचारी इस ऐतिहासिक क्षण से बेहद उत्साहित हैं और इसे भविष्य में संरक्षण प्रयासों के लिए एक सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।









