चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर प्रखंड अंतर्गत कुन्दुबेड़ा गांव में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पारंपरिक हथियारों के साथ पैदल सदर प्रखंड कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस प्लांट के लिए जमीन देने का प्रस्ताव ग्राम सभा में पहले ही खारिज कर दिया गया था। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा भूमि मापी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्राम सभा के विरोध के बावजूद हो रही कार्रवाई : ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि इस योजना के विरोध में ग्राम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से जमीन नहीं देने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद भी जिला प्रशासन को मांगपत्र देकर प्लांट निर्माण का विरोध दर्ज कराया गया था, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में ग्रामीण प्रखंड कार्यालय पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया।
14 मार्च को प्रस्तावित भूमि मापी रोकने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से 14 मार्च को भूमि मापी और दखल-दिहानी की तिथि निर्धारित की गई है। ग्रामीण इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने और कुन्दुबेड़ा गांव में प्रस्तावित कचरा प्रबंधन प्लांट को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कुन्दुबेड़ा गांव के ग्रामीण मुंडा लुकना पूर्ति ने किया।
3 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित है प्लांट
प्रशासनिक प्रस्ताव के अनुसार चाईबासा अंचल क्षेत्र के कुन्दुबेड़ा गांव में थाना संख्या-585, खाता संख्या-01, प्लॉट संख्या-1555 (अंश) की लगभग 3 एकड़ भूमि पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित किया जाना है। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन ने इस जमीन को अंतर्विभागीय निःशुल्क भू-हस्तांतरण के माध्यम से योजना के लिए स्वीकृति प्रदान की है।
तीर-धनुष और पारंपरिक हथियारों के साथ पहुंचे ग्रामीण
धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण तीर-धनुष, टांगी, भाला और अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा की अनुमति के बिना जमीन का हस्तांतरण आदिवासी अधिकारों और संबंधित कानूनों के खिलाफ है।
प्रखंड कार्यालय में तैनात रहा पुलिस बल
प्रदर्शन को देखते हुए सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। ग्रामीणों ने प्रशासन को पुनः एक मांग पत्र सौंपा है। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को उपायुक्त के समक्ष रखा जाएगा।
ये लोग रहे शामिल
धरना-प्रदर्शन में कुन्दुबेड़ा के ग्रामीण मुंडा लुकना पूर्ति, कमरहतु मुंडा बिरसा देवगम, नीमडीह मुंडा कृष्णा बारी, गुमडा पीढ़ मानकी ललित सवैया, मुंडूएदल मुंडा विजय सिंह पूर्ति, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम, सुनील पूर्ति, जगमोहन सवैया, पवन सवैया, मिरन पूर्ति और सालीहातु के ग्रामीण मुंडा मानकी कालुंडिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।







