Dhanbad (धनबाद) : भाजपा नेता सीता सोरेन ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मंत्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्हें पहले अपना इलाज करवाना चाहिए, तभी वे स्वास्थ्य विभाग को संभाल पाएंगे।
सीता सोरेन दुर्गा सोरेन सेना के स्थापना दिवस के मौके पर धनबाद के श्यामडीह पहुंची थीं, जहां उन्होंने अपनी दोनों बेटियों के साथ दिवंगत शिबू सोरेन और दुर्गा सोरेन को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए सीता सोरेन ने झारखंड सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। संथाल परगना के लोग अब झारखंड के अस्पतालों पर भरोसा नहीं कर रहे हैं और इलाज के लिए पश्चिम बंगाल जा रहे हैं।
उन्होंने रिम्स-2 परियोजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार पुराने रिम्स की स्थिति नहीं सुधार पा रही है, तो नए रिम्स का निर्माण करना सिर्फ दिखावा है।
सीता सोरेन ने सरकार की “मंईयां सम्मान योजना” को “ठग योजना” बताते हुए कहा कि जब राज्य में स्वास्थ्य विभाग के करीब 3,900 कर्मचारियों को छह महीने से वेतन नहीं मिला है, तो सरकार के पास नई योजनाओं के लिए फंड कहां से आ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाओं में व्यस्त है, जबकि धरातल पर कुछ नहीं हो रहा।
खनिज लूट को लेकर उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों की खुलेआम लूट हो रही है, जिसमें थाना प्रभारी से लेकर एसपी तक शामिल हैं और यह सब प्रशासनिक संरक्षण में चल रहा है।
सीता सोरेन ने अंत में कहा कि राज्य की जनता अब इस भ्रष्ट व्यवस्था से तंग आ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब जरूर देगी।