चाईबासा। 32वीं ए.आर. रुंगटा ए-डिवीजन क्रिकेट लीग 2025-26 का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें यंग झारखंड क्रिकेट क्लब चाईबासा ने गत विजेता लारसन क्लब चाईबासा को दो विकेट से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत के नायक रहे आशीष तनवर, जिन्होंने दबावपूर्ण परिस्थिति में नाबाद 141 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली।
एस० आर० रुंगटा ए-डिवीजन लीग 2024-25, एम० सी० सी० को पराजित कर लारसन क्लब बना चैंपियन
लारसन क्लब ने बनाए 282 रन
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में खेले गए फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लारसन क्लब चाईबासा ने निर्धारित 35 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 282 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
टीम के कप्तान जन्मजय सिंह यादव ने 13 चौके और 1 छक्के की मदद से 100 रन बनाए, जबकि दूसरे सलामी बल्लेबाज देवांश शुक्ला ने 11 चौके और 3 छक्कों की सहायता से 80 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 148 रनों की शानदार साझेदारी हुई।
अन्य बल्लेबाजों में हिमांशु पांडेय (34), रिशी कुमार कर्की (24), तौसिफ अहमद (17) और अक्षत पटेल (नाबाद 10) ने उपयोगी योगदान दिया।
यंग झारखंड की ओर से सत्यम यादव ने 28 रन देकर 2 विकेट और कप्तान सन्नी मिश्रा ने 55 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
आशीष तनवर की ऐतिहासिक पारी से यंग झारखंड की जीत
282 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यंग झारखंड की टीम ने 34.3 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हालांकि एक समय टीम के 220 रन पर 7 विकेट गिर चुके थे, जिससे मुकाबला लारसन क्लब की ओर झुकता दिख रहा था।
ऐसे नाजुक समय में आशीष तनवर और एमोस एक्का ने सातवें विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला। 249 रन पर एमोस एक्का के आउट होने के बाद आशीष ने आनंद सिंह के साथ आठवें विकेट के लिए नाबाद 38 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।
आशीष तनवर ने 11 चौके और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 141 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में सन्नी मिश्रा (44), राजीव रंजन (27), सुरज कुमार (23) और एमोस एक्का (22) का योगदान उल्लेखनीय रहा।
लारसन क्लब की ओर से विनय यादव ने 42 रन देकर 3 विकेट और सचिन भाटी ने 88 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान जन्मजय सिंह यादव को 1 सफलता मिली।
पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों का सम्मान
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पश्चिमी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा तथा विशिष्ट अतिथि सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी के साथ व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच और पूरे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार आशीष तनवर को दिया गया, जबकि सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी के परमजीत सिंह को प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के प्रायोजक एस.आर. रुंगटा ग्रुप की ओर से मैच अधिकारियों, ग्राउंड्समैन तथा उपस्थित मीडियाकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर झारखंड सीनियर टीम द्वारा ईशान किशन की कप्तानी में जीती गई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने मंच संचालन करते हुए झारखंड खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा, उपाध्यक्ष बनवारी लाल नेवटिया, कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार, संयुक्त सचिव ओम प्रकाश गुप्ता एवं अनूप बर्मन, जेएससीए कार्यकारिणी सदस्य रत्नेश सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










