आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी 35 वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए “डोर-टू-डोर कचरा उठाव” की डिजिटल मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है।
अब हर घर के बाहर RFID (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) टैग लगाया जा रहा है। इस तकनीक के माध्यम से निगम सीधे तौर पर कचरा उठाने वाली एजेंसी के कार्यों की निगरानी कर सकेगा।

निगम प्रशासक श्री रवि प्रकाश ने जानकारी दी कि अक्सर नागरिकों से कचरा गाड़ी न आने की शिकायतें प्राप्त होती थीं। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए यह स्मार्ट सिस्टम लागू किया गया है। अब जैसे ही कचरा वाहन किसी घर के पास पहुँचेगा, उसे घर पर लगे RFID चिप को स्कैन करना होगा। इससे रीयल-टाइम डेटा सीधे कंट्रोल रूम तक पहुँच जाएगा कि किस घर से कचरा उठाया गया और कहाँ गाड़ी नहीं पहुँची।

इस कार्य की जिम्मेदारी ए एन एस आई टी एजेंसी को सौंपी गई है, जिसे रांची, गुमला और मधुपुर जैसे शहरों में इस तकनीक को सफलतापूर्वक लागू करने का अनुभव प्राप्त है। एजेंसी के प्रतिनिधि घर-घर जाकर नागरिकों का नाम और मोबाइल नंबर पोर्टल से जोड़ रहे हैं। प्रशासक ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और अपने घरों के बाहर जल्द से जल्द यह उपकरण अधिष्ठापित करवाएं ताकि शहर को गंदगी मुक्त बनाया जा सके।








