Adityapur: एस-टाइप मैदान सौंदर्यीकरण विवाद: वार्ड सभा में तय होगा क्या बनेगा, टेंडर रद्द नहीं होगा— नगर निगम

एस-टाइप मैदान टेंडर

आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए जारी करीब 80 लाख रुपये के टेंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब वार्ड सभा तक पहुंच गया है। ‘सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब’ सहित कुछ स्थानीय लोगों ने टेंडर रद्द करने की मांग को लेकर निगम कार्यालय में विरोध जताया था। इसके बाद नगर आयुक्त, डिप्टी मेयर और स्थानीय पार्षद ने योजना को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट किया है।

टेंडर रद्द नहीं होगा : नगर आयुक्त

नगर आयुक्त एजाज अनवर ने कहा कि निगम की मंशा मैदान पर किसी पार्क या भवन का निर्माण कर कब्जा करने की नहीं है। उद्देश्य खेल मैदान को उसके मूल स्वरूप में रखते हुए उसका विकास और सौंदर्यीकरण करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विरोध और भ्रम की स्थिति के बावजूद टेंडर प्रक्रिया रद्द नहीं की जाएगी

एस-टाइप मैदान टेंडर

उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा के बाद मैदान में वार्ड सभा आयोजित की जाएगी। इसमें प्रस्तावित कार्यों के प्रत्येक मद, जैसे पेवर ब्लॉक, प्रकाश व्यवस्था, हरियाली आदि को स्थानीय लोगों के सामने रखा जाएगा। जनता की सहमति के आधार पर कार्यों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बहुमत से होगा निर्णय : डिप्टी मेयर

डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि जनहित की योजनाओं में राजनीति और अनावश्यक विवाद उचित नहीं है। उन्होंने भी स्पष्ट किया कि टेंडर रद्द नहीं होगा। उनके अनुसार वार्ड सभा में वार्ड 22 के पंजीकृत मतदाता भाग लेंगे और उनके समक्ष पूरा प्राक्कलन रखा जाएगा। बहुमत से जो निर्णय होगा, उसी के आधार पर विकास कार्य कराया जाएगा।

पार्षद ने कहा- मैदान का होगा कायाकल्प

वार्ड 22 की पार्षद अंजू सिंह और उनके प्रतिनिधि संजीव सिंह बबुआ ने विरोध को निजी स्वार्थ और गलतफहमी से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मैदान में कथित अवैध कब्जे और मलबे को बचाने के लिए भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना से मैदान को व्यवस्थित और विकसित किया जाएगा। इसमें बास्केटबॉल कोर्ट, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे बच्चों को खेल के लिए बेहतर स्थान मिलेगा, वहीं बुजुर्गों के लिए भी मैदान उपयोगी होगा।

अब दुर्गा पूजा के बाद होने वाली वार्ड सभा पर सभी की नजरें टिकी हैं, जहां स्थानीय मतदाताओं की राय के आधार पर मैदान के विकास से जुड़े प्रस्तावित कार्यों को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

श्री कृष्ण रुक्मणी विवाह

Adityapur: आदित्यपुर में 18-19 सितंबर को मनेगा श्री कृष्ण रुक्मणी विवाह व राधा अष्टमी महोत्सव, उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, सनातन धर्म के प्रचार और प्रभु सेवा के लिए रथ खींचकर पुण्य के भागी बनें: अमित सिंह बॉबी