गम्हरिया सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट-1 में प्रबंधन और यूनियन के बीच चार वर्षीय ग्रेड रिवीजन समझौता सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समझौते के तहत कर्मचारियों के वेतन में 23 प्रतिशत की वृद्धि पर सहमति बनी है। इससे कर्मचारियों को अधिकतम 12,500 रुपये और न्यूनतम 5,225 रुपये प्रतिमाह का लाभ मिलेगा। इस समझौते से कंपनी के कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
समझौते के अनुसार कर्मचारियों के बेसिक और वीडीए में 23 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न भत्तों में भी वृद्धि की गई है। रात्रि पाली और हिट भत्ता में पांच रुपये प्रतिदिन तथा वाहन भत्ता में 10 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, मेडिक्लेम के अतिरिक्त बाह्य चिकित्सा खर्च की वार्षिक राशि पांच हजार से बढ़ाकर छह हजार रुपये कर दी गई है।
**पांच ठेका श्रमिक होंगे स्थायी
इस ग्रेड रिवीजन समझौते की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि पांच ठेका श्रमिकों को तत्काल स्थायी करने पर बनी सहमति है। इससे लंबे समय से कार्यरत ठेका श्रमिकों को भी राहत मिलेगी। चार वर्षों के लिए हुआ यह समझौता एक अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और 31 मार्च 2030 तक लागू रहेगा। कर्मचारियों के बकाया एरियर का भुगतान नवंबर माह के वेतन के साथ सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा।
*प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने किए हस्ताक्षर
समझौते पर प्रबंधन की ओर से सीओओ शक्ति प्रसाद सेनापति, चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर भूपेंद्र लोधी, प्लांट हेड एम. बाला मुरली कृष्णा और सहायक महाप्रबंधक (एचआर) रिंटू मुखर्जी ने हस्ताक्षर किए। वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष अभय कुमार लाभ, उपाध्यक्ष दिनेश राम, महामंत्री तारकेश्वर यादव, कोषाध्यक्ष अच्छेलाल यादव, संयुक्त सचिव नवल झा, संगठन सचिव शैलेन्द्र सिंह तथा सदस्य विपुल गोलदार और अशोक मिश्रा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौता संपन्न होने के बाद कर्मचारियों ने प्रबंधन और यूनियन पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। कंपनी गेट पर मजदूरों ने गाजे-बाजे के साथ यूनियन पदाधिकारियों का माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी मनाई गई। दोनों पक्षों ने भविष्य में भी आपसी सहयोग और सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंध बनाए रखने की प्रति बद्धता जताई।








