पटना। अपने पैतृक गांव लई में सामाजिक एकता और सामुदायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुरेंद्र नारायण सिंह ने ग्रामवासियों के सहयोग से लगभग 30 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित कुशवाहा पंचायत परिषद भवन का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में समाज के गणमान्य लोगों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि कुशवाहा समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। सम्राट अशोक, चंद्रगुप्त मौर्य, महात्मा गौतम बुद्ध, माता सावित्रीबाई फुले और शहीद जगदेव प्रसाद जैसे महापुरुषों के विचार एवं आदर्श समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इन महापुरुषों ने मानवता, शांति, समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि आज जरूरत केवल महापुरुषों के नाम पर गर्व करने की नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में उतारने की है। शहीद जगदेव प्रसाद के सपनों का समाज बनाने के लिए शिक्षा, संगठन और सामाजिक चेतना को प्राथमिकता देनी होगी।
पुरेंद्र ने कहा कि कुशवाहा समाज को अपनी जिम्मेदारी केवल अपने समुदाय तक सीमित नहीं रखनी चाहिए, बल्कि पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों को साथ लेकर उनके अधिकार, सम्मान और विकास के लिए भी नेतृत्व करना चाहिए।
उन्होंने नवनिर्मित भवन को सामाजिक एकता, शिक्षा, विचार-विमर्श और रचनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री जयंत राज कुशवाहा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा, मुखिया अजीत कुशवाहा, उमेश कुमार कुशवाहा, विभूति कुमार, प्रोफेसर सुशीला देवी और पंचायत समिति सदस्य नीरज कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भवन कमेटी के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष श्याम बाबू सिंह, सचिव नीतीश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष जयशंकर सिंह, उप कोषाध्यक्ष विश्वजीत कुमार सिंह सहित शिवदयाल सिंह, राधे कृष्णा सिंह, सुबोध कुमार सिंह, राजद प्रदेश महासचिव देव प्रकाश, अधिवक्ता संजय कुमार समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।








