आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले की प्रतिभाशाली एथलीट रीत कुमारी ने खेल जगत में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए जिले और झारखंड का नाम रोशन किया है। रीत ने एक ही दिन आयोजित शॉटपुट (गोला फेंक) और हैमर थ्रो की दोनों स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनकी इस दोहरी स्वर्णिम सफलता से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
रीत कुमारी की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमेश सोरेन ने उनसे मुलाकात कर सम्मानित किया। विधायक ने रीत को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर विधायक सोमेश सोरेन ने कहा कि रीत की सफलता केवल दो स्वर्ण पदक हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनकी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद रीत ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि रीत कुमारी की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य बच्चों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा मिलेगी।
सम्मान समारोह में रीत कुमारी के पिता रमेश तिवारी, माता सोनी तिवारी सहित परिवार के सदस्य और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने रीत की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर झामुमो युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भुगलु सोरेन, जिला उपाध्यक्ष सोमदेव उर्फ विक्की प्रधान, नगर अध्यक्ष अमित सिन्हा, नगर उपाध्यक्ष अरुण शर्मा, अमरजीत ठाकुर और युवा नेता बाबू तिवारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।








