Adityapur (आदित्यपुर) : नगर निगम चुनावों की सरगर्मी के बीच वार्ड संख्या 17 में सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह उर्फ ‘बॉबी सिंह’ को दोबारा सशक्त नेतृत्व दिलाने के उद्देश्य से उनकी पत्नी और भाजपा नेत्री सोनिया सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार को सोनिया सिंह ने महिलाओं की एक बड़ी टोली के साथ 7 एलएफ क्षेत्र के फ्लैटों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। (नीचे भी पढ़ें)

बुनियादी समस्याओं पर फोकस
प्रचार के दौरान सोनिया सिंह ने स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि वार्ड 17 नगर निगम का एकमात्र ऐसा क्षेत्र है जहाँ आज भी पाइपलाइन के जरिए पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पिछले एक दशक से यहाँ के नागरिक गर्मी के मौसम में पानी खरीदने को मजबूर हैं। सोनिया सिंह ने आश्वासन दिया कि बॉबी सिंह की जीत के बाद इस विकराल समस्या का स्थायी समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। (नीचे भी पढ़ें)

मतदाताओं से अपील
बॉबी सिंह ने भी वार्ड वासियों को आश्वस्त किया है कि वे उनकी हर समस्या को अपनी निजी जिम्मेदारी समझेंगे। गौरतलब है कि अमित सिंह का चुनाव चिन्ह ‘बेबी वॉकर’ है, जो मतपत्र के क्रमांक 2 पर अंकित है। जनसंपर्क के दौरान मिल रहे अपार जनसमर्थन से समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।







