चाईबासा: राज्य की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) झारखंड राज्य के संगठनात्मक एक्टिविस्टों की महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और छात्र आंदोलनों को तेज करने का निर्णय लिया गया।
संगठन मजबूती और सदस्यता अभियान पर जोर
बैठक में केंद्रीय परिषद अध्यक्ष सौरभ घोष, केंद्रीय कोषाध्यक्ष समसुल आलम, वर्किंग कमेटी सदस्य विश्वजीत राय एवं निरुपमा बेहरा, प्रदेश अध्यक्ष समर महतो तथा प्रदेश सचिव सोहन महतो उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने राज्यभर में संगठन को मजबूत बनाने और छात्र-छात्राओं के बीच व्यापक सदस्यता अभियान चलाने पर बल दिया।
चाईबासा : B.Ed मेथड पेपर शुल्क कमी की मांग तेज, छात्रवृत्ति जारी करने को लेकर छात्रों में आक्रोश

शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
प्रदेश सचिव सोहन महतो ने कहा कि झारखंड की शिक्षा व्यवस्था लगातार संकट के दौर से गुजर रही है। छात्रवृत्ति भुगतान में देरी, अपग्रेड प्लस टू स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी, छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की अनुपलब्धता जैसे प्रश्न छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं।
इन समस्याओं के समाधान हेतु संगठन द्वारा “शिक्षा, संस्कृति और मानवता बचाओ आंदोलन” को तेज करने का निर्णय लिया गया।
गांव-शहर तक चलाया जाएगा अभियान
बैठक में तय किया गया कि राज्य के शिक्षण संस्थानों, गांवों, शहरों और मोहल्लों में पहुंचकर छात्रों को जोड़ा जाएगा। सदस्यता अभियान के माध्यम से छात्र समुदाय को संगठित कर शैक्षणिक समस्याओं के खिलाफ व्यापक जनांदोलन खड़ा किया जाएगा।
जिला कमेटियों ने दिए सुझाव
पश्चिमी सिंहभूम जिला कमेटी के प्रतिनिधियों ने भी संगठन विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखे। जिला अध्यक्ष सगुन हाँसदा, जिला सचिव सत्येन महतो सहित विभिन्न जिलों से आए एक्टिविस्टों ने छात्र हितों की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया।
संघर्ष का लिया संकल्प
बैठक के अंत में छात्र-छात्राओं के अधिकार, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया। नेताओं ने कहा कि जब तक शिक्षा से जुड़ी मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
http://चाईबासा में देशव्यापी श्रमिक हड़ताल का असर, सड़कों पर उतरे मजदूर संगठन








