जमशेदपुर: आसन्न होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब की बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा शहर में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में औचक छापेमारी कर प्रतिबंधित विदेशी शराब जब्त की गई।
बर्मामाइंस के मुखी बस्ती में छापेमारी
बर्मामाइंस थाना अंतर्गत ट्यूबगेट के समीप स्थित मुखी बस्ती में सुशांत मुखी के घर पर उत्पाद विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान झारखंड राज्य में प्रतिबंधित King’s Gold ब्रांड की व्हिस्की की दो कार्टन सहित कुल 18 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
पश्चिमी सिंहभूम अवैध शराब छापेमारी: बड़ी कार्रवाई में 3000 KG महुआ नष्ट

हालांकि छापेमारी दल के पहुंचने से पहले ही आरोपी को सतर्क कर दिया गया, जिससे वह मौके से फरार हो गया। उत्पाद विभाग ने आरोपी सुशांत मुखी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
परसुडीह क्षेत्र में 30 लीटर चुलाई शराब बरामद
वहीं Parsudih थाना क्षेत्र के कालीमाटी टोला, सोपोडेरा में अवैध चुलाई शराब की बिक्री की सूचना पर भी छापेमारी की गई। इस दौरान गौतम कुमार खटुआ उर्फ बबलू के घर से 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। संबंधित अभियुक्त के खिलाफ भी उत्पाद अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
होली तक अभियान रहेगा जारी
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध शराब की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
त्योहारी सीजन में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।








