आदित्यपुर: समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए बुधवार को अग्नि बेसरा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा स्वर्गीय अग्नि बेसरा की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर एक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
मीरूडीह ,सीतारामपुर स्थित अनमोल अनन्या रिसॉर्ट में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वर्गीय अग्नि बेसरा की स्मृतियों को जनसेवा के माध्यम से जीवित रखना था। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए क्षेत्र के कई दिग्गज नेता और समाजसेवी पहुंचे। मुख्य रूप से झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी और नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद मोना बेसरा ने शिविर की सराहना की।

नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद बिजेश सिंह, अवधेश सिंह,दुर्गा चरण बेसरा, बबुआ सिंह, डॉ. नंदन पांडेय और बीके चतुर्वेदी , आशीष पति समेत अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और युवा पीढ़ी को इस नेक कार्य के लिए आगे आना चाहिए।

सफलतापूर्वक संपन्न हुआ आयोजन
ब्लड बैंक जमशेदपुर के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही युवाओं और स्थानीय निवासियों की भीड़ देखी गई। जहाँ सैकड़ों यूनिट रक्त संग्रह किया गया। आयोजन के संयोजक बास्को बेसरा ने सभी रक्तदाताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अग्नि बेसरा जी की याद में यह ट्रस्ट निरंतर सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करता रहेगा। इस अवसर पर वक्ताओं ने जोर दिया कि एक यूनिट रक्त किसी मरते हुए व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।








