Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत चालगी गांव में कुएं से शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है।
जानकारी के अनुसार, 2 मार्च 2026 की सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि गांव के पास खेत स्थित कुएं के आसपास खून के निशान और कपड़े पड़े हुए हैं। आशंका जताई गई कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 19 मार्च को मुख्य आरोपी लक्ष्मण हेस्सा को गिरफ्तार कर लिया।
इटावा में होली के दिन दर्दनाक घटना: विवाद के बाद मां-बेटी ने कुएं में लगाई छलांग
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक श्रीधर बारी पर्व मनाने के लिए अपने चाचा के साथ चालगी गांव आया था। इसी दौरान आरोपी के घर पर खाना-पीना हुआ, जिसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी और उसके सहयोगी ने गुस्से में आकर लकड़ी से वार कर श्रीधर बारी की हत्या कर दी।
हत्या के बाद सबूत छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को रस्सी से बांधकर पत्थर के साथ कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगी लकड़ी और मृतक का जैकेट बरामद कर लिया है।
इस मामले में मुख्य आरोपी लक्ष्मण हेस्सा (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, उसका सहयोगी गणेश पुर्ति अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
http://Adityapur Late Night incident: रात के अंधेरे में कुएं से निकला युवक, जाने ? पूरा मामला








