सरायकेला: जिला मुख्यालय सभागार में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने की। बैठक में विभागवार योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भीषण गर्मी में पेयजल आपूर्ति पहली प्राथमिकता
बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंत्री संजय सेठ ने पूरे सरायकेला-खरसावां जिले में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने उपायुक्त के माध्यम से पेयजल विभाग को निर्देशित किया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना को धरातल पर शत-प्रतिशत लागू किया जाए ताकि हर घर तक शुद्ध जल पहुँच सके।

चांडिल पितकी फाटक जाम और सड़क सुधार
क्षेत्र की गंभीर समस्या पितकी फाटक जाम पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने कहा कि NH के अधिकारी इस पर कार्य योजना तैयार कर रहे हैं। आगामी 11 अप्रैल को NH अधिकारी उपायुक्त से मिलकर ठोस ब्लूप्रिंट तैयार करेंगे। वहीं, JRDCL के अधीन सड़कों के धीमे रखरखाव पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लापरवाह एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की बात कही।

अतिक्रमण पर सख्त रुख
आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण के मामलों पर मंत्री ने उपायुक्त को गहन जांच का जिम्मा सौंपा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का जिला प्रशासन त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।
बैठक में उपस्थित गणमान्य:
इस अवसर पर सांसद जोबा मांझी, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक सविता महतो, विधायक दशरथ गागराई, आदित्यपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर संजय सरदार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।








