चाईबासा: झारखंड के घने सारंडा जंगल में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और नक्सली आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों ओर से जमकर फायरिंग शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ कुख्यात इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हो रही है। इलाके में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस के जवान बड़ी संख्या में तैनात हैं।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, सारंडा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से नक्सलियों के खिलाफ लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को सुरक्षाबलों की टीम जंगल में सर्चिंग के लिए निकली थी। इसी दौरान जंगल के अंदर कैंप बदल रहे नक्सलियों से उनका सामना हो गया।
जैसे ही नक्सलियों ने पुलिस टीम को देखा, उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई इस फायरिंग में कई नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अब तक किसी शव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूत्रों के अनुसार, इलाके में अभी भी रुक-रुक कर फायरिंग जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर रखा है। अतिरिक्त बलों को भी मौके पर भेजा गया है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
इस पूरे मामले पर पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि सारंडा के उत्तर-पूर्वी इलाके में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ जारी है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों की ओर से बीच-बीच में फायरिंग की जा रही है और ऑपरेशन अभी जारी है।
एसपी ने यह भी कहा कि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी है और सुरक्षाबल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।








