चाईबासा (आनंदपुर): पश्चिमी सिंहभूम जिले की आनंदपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से लेवी (रंगदारी) वसूलने आए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI से जुड़े दो अपराधियों समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा व एक मिसफायर कारतूस और 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
चाईबासा : दो पीएलएफआई चढ़े पुलिस के हत्थे, दो AK 47 राइफल, तीन मैगजीन, 118 राउंड गोली, 50 हजार नकदी बरामद
गुप्त सूचना पर एसपी ने बनाई विशेष टीम
आनंदपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बुरुईचिण्डा से गोयराबेड़ा के बीच सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार से लेवी वसूलने के लिए क्षेत्र में घूम रहे हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
जब पुलिस टीम गोयराबेड़ा जंगल के पास पहुंची, तो सामने से पुलिस की गाड़ी देखकर दो युवक भागने लगे। सशस्त्र बल के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया।
पिस्टल, कारतूस और 7 मोबाइल जब्त
पकड़े गए अपराधियों की जब तलाशी ली गई तो उनके पास से हथियार और मोबाइल बरामद हुए:
संजु भोगता (23 वर्ष): इसके कमर से मैगजीन सहित एक देशी पिस्टल, 3 स्मार्ट फोन और 2 कीपैड फोन बरामद हुए। पिस्टल में एक जिंदा और एक मिसफायर कारतूस फंसा हुआ था। कृष्णा भोगता (27 वर्ष): इसके पास से 3 जिंदा कारतूस और 1 स्मार्ट फोन बरामद हुआ।
कड़ाई से पूछताछ करने पर संजु भोगता ने स्वीकार किया कि वे लोग पूर्व में PLFI उग्रवादी संगठन से जुड़े थे और वॉट्सऐप कॉल के जरिए ठेकेदारों को धमकाकर लेवी वसूलते थे।
निशानेबाही पर तीसरा सहयोगी भी गिरफ्तार
पकड़े गए दोनों अपराधियों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके तीसरे सहयोगी संजय साय (36 वर्ष, ग्राम-हारता) को भी सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भी एक स्मार्टफोन जब्त किया गया है।
वाहनों को फूंकने के मामले में भी थी संलिप्तता
पूछताछ में गिरफ्तार मुख्य आरोपी संजु भोगता ने यह भी कबूल किया कि वह इसी साल 9 फरवरी 2026 को आनंदपुर के रोबोकेरा में सड़क निर्माण कार्य में लगी ‘वैष्णवी इन्फ्रा प्रोजेक्ट कंपनी’ के वाहनों को आग लगाने की घटना में भी शामिल था। इस संबंध में आनंदपुर थाने में मामला (कांड संख्या 04/26) पहले से दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है:
1. संजय साय: इसके खिलाफ आनंदपुर थाने में वर्ष 2016 में हत्या, अपहरण और CLA एक्ट (कांड संख्या 03/16) तथा 2017 में CLA एक्ट (कांड संख्या 02/17) के तहत मामले दर्ज हैं।
2. संजु भोगता: इसके खिलाफ पूर्व में आनंदपुर और बिरसा थाने में आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत तीन मामले दर्ज हैं।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
इस सफल अभियान में आनंदपुर थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रिंस, पु०अ०नि० सुबोध कुमार गौतम और आनंदपुर थाने के सशस्त्र बल के जवान व चालक शामिल थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
http://पीएलएफआई का कमांडर समेत तीन उग्रवादी गिरफ्तार, लेवी वसूलने की बना रहे थे योजना








