जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से एक महिला, उसके बेटे और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। तीनों पर घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने का आरोप है। पुलिस ने मौके से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर, 4.32 ग्राम मादक पदार्थ और 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे सूचना मिली थी कि सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूमपाइप, इंद्रानगर स्थित एक मकान में भारती केवर्तो अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर ब्राउन शुगर की बिक्री कर रही है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) की निगरानी में थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारती केवर्तो (40 वर्ष), उसके बेटे विशाल केवर्तो (22 वर्ष) तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया (कुल 4.32 ग्राम) और 4,820 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार महिला भारती केवर्तो पहले से ही एक पेशेवर ड्रग्स पेडलर है और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करती रही है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई मामले सीतारामडेरा, उलीडीह और सोनारी थानों में दर्ज हैं। वहीं आरोपी विशाल केवर्तो के खिलाफ भी पहले से मादक पदार्थों की तस्करी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 71/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(a), 21(a), 22(a) और 29 में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। विधि-विरुद्ध बालक के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ड्रग्स तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।








