Jamshedpur (जमशेदपुर) : होटल केनेलाइट के संस्थापक स्वर्गीय मिथिलेश झा की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को साकची स्थित होटल केनेलाइट में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मिथिलेश झा मेमोरियल फाउंडेशन और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 86 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
स्वर्गीय मिथिलेश झा के निधन के बाद उनकी स्मृति में आयोजित यह लगातार पांचवां वार्षिक रक्तदान शिविर था। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सह इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजीव रंजन, रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह और होटल केनेलाइट के निदेशक अमलेश झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों एवं उपस्थित लोगों ने स्व. मिथिलेश झा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया।
इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में मदद मिलती है। उन्होंने रक्तदाताओं की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रति ऐसी जिम्मेदारी और सेवा भावना प्रेरणादायक है। स्वर्गीय मिथिलेश झा को याद करते हुए उन्होंने उन्हें नेक, सरल और मृदुभाषी व्यक्तित्व का धनी बताया।

शिविर में 86 लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। आयोजकों की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में होटल केनेलाइट के निदेशक अमलेश झा के साथ निर्मल दीप, नवीन सिंह, डी.के. घोष, पूर्वी घोष, राजपति देवी, बंदे शंकर सिंह, मनोज सिंह समेत अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








