Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में शिकायत मिलने के बाद महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। मामले को लेकर पीड़िता के परिजन ने 30 अगस्त को महिला थाना किरीबुरू (कैम्प-नोवामुंडी) में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर महिला थाना किरीबुरू (कैम्प-नोवामुंडी) कांड संख्या 04/26 दर्ज किया गया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 79, 126(2) और 351(2) के साथ पॉक्सो एक्ट 2012 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई टीम
नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक, चाईबासा के निर्देश पर किरीबुरू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने संभावित ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आदित्यपुर से आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले के प्राथमिकी अभियुक्त मो. सफीक उर्फ मो. राजा (लगभग 27 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्वर्गीय अब्दुल मुतालिब का पुत्र है और एच रोड, मुस्लिम बस्ती, थाना आदित्यपुर, जिला सरायकेला-खरसावां का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
चाईबासा पुलिस ने लोगों से की अपील
चाईबासा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और पता गोपनीय रखा जाएगा।







