सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में भारी मात्रा में सिगरेट व नकदी बरामद थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह की अगुवाई में टीम ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा, प्रतिबंधित सामग्री के कारोबार पर कसा शिकंजा

सरायकेला पुलिस की कार्रवाई

सरायकेला। सरायकेला थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों एवं अवैध सामग्री के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लहरी टोला में छापेमारी कर भारी मात्रा में सिगरेट, नकदी समेत अन्य सामान बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर लहरी टोला, सरायकेला में छापेमारी की गई। इस दौरान साजिद खान उर्फ मुन्ना खान, करीब 40 वर्ष, के आवास से अलग-अलग ब्रांड की कुल 157 पैकेट सिगरेट, खाद्य तेल, नकदी एवं अन्य सामान बरामद किए गए। बरामद सामान की कीमत करीब 18,600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने इसके अलावा 736 रुपये की सिक्कों की रकम तथा आठ चांदी जैसे दिखाई देने वाले सिक्के भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपी साजिद खान को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ सरायकेला थाना कांड संख्या 75/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ सरायकेला थाना में वर्ष 2018 का मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह की भूमिका अहम रही। सूचना मिलते ही उन्होंने टीम को सक्रिय कर त्वरित छापेमारी कराई और महज करीब 24 घंटे के भीतर कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम की तत्परता और बेहतर सूचना तंत्र के कारण पुलिस को यह सफलता मिली।

छापेमारी दल में विनय कुमार, सौम कुमार आहूजा, अरुण कुमार महतो, कली कुमार, राकेश कुमार, टाइगर मोबाइल के राजेश उरांव एवं अमित कुमार दास शामिल थे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *