सरायकेला-खरसावां : क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कपाली ओपी पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने ब्राउन शुगर से जुड़े एनडीपीएस (NDPS) मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
घाटशिला में ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार, 13.12 ग्राम मादक पदार्थ बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तमोलिया (जेवियर स्कूल के समीप) निवासी 30 वर्षीय शिवाजी गोप उर्फ नायडू के रूप में हुई है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार, आरोपी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में वांछित था और पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी को तमोलिया स्थित उसके घर के आसपास देखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके से दबोच लिया।
पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास उजागर हुआ है। आरोपी शिवाजी गोप पर कपाली ओपी सहित मानगो, गोविंदपुर और चांडिल थानों में करीब नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में वह पूर्व में भी जेल जा चुका है।
ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया। छापेमारी दल में एसआई हसनैन अंसारी, टाइगर मोबाइल और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।






