सरायकेला: सरायकेला स्थित पुलिस सर्कल इंस्पेक्टर कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता सर्कल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने की।
गोष्ठी में सरायकेला अंचल के अंतर्गत आने वाले सभी थाना प्रभारी—सरायकेला थाना, खरसावां, राजनगर, कुचाई तथा महिला थाना प्रभारी मुख्य रूप से शामिल हुए।

बैठक के दौरान विगत माह में दर्ज कांडों, उनके उद्भेदन और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा की गई। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सर्कल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने बताया कि अंचल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण को लेकर सभी प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्र में अपराध के स्वरूप पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरायकेला शहरी क्षेत्र होने के कारण यहाँ मुख्य रूप से सड़क दुर्घटनाएं और मोटरसाइकिल चोरी जैसी घटनाएं सामने आती हैं। हालांकि पुलिस की सक्रियता के चलते बड़े संगठित अपराधों पर पूरी तरह लगाम कसी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि हाल के महीनों में पुलिस को बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करने में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
इसके अतिरिक्त, आमदा ओपी सहित राजनगर व सरायकेला क्षेत्र में घरों से जेवरात चोरी की वारदातों का उद्भेदन कर पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी के जेवरात बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने कहा कि क्षेत्र में चोरी और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष चौकसी बरती जा रही है तथा सभी थानों को गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।







