सरायकेला। राजनगर प्रखंड के आमलाटोला निवासी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सदस्य दशमत मार्डी के आकस्मिक निधन से क्षेत्र और पार्टी संगठन में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार को आयोजित उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने शामिल होकर उन्हें अश्रुपूर्ण विदाई दी।
पूर्व प्रत्याशी सह झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश महाली विशेष रूप से अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत दशमत मार्डी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।

इस अवसर पर गणेश महाली ने कहा कि दशमत मार्डी पार्टी के बेहद निष्ठावान, समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन को धरातल पर मजबूत करने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई।
उनका असमय जाना न केवल राजनगर प्रखंड, बल्कि पूरे झामुमो परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और पीड़ित परिवार को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
अंतिम संस्कार के दौरान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राम सिंह हेम्ब्रम, प्रोफेसर काली पद सोरेन, सुबल महतो, विशु हेम्ब्रम, दुर्गा लाल मुर्मू, दिलीप महतो, शेखर महाकुड़, संजय हांसदा, घासीराम मुर्मू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने उनके सांगठनिक योगदान को याद करते हुए मौन श्रद्धांजलि दी।








