Gua SAIL Management Workers Protest : मजदूरों की मांगें नहीं मानीं तो सेल के खिलाफ आंदोलन, जनरल ऑफिस के सामने होगा प्रदर्शन : रामा पांडे

गुवा, सेल प्रबंधन,

गुवा संवाददाता। गुवा में मजदूरों की लंबित समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने सेल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार देर शाम यूनियन कार्यालय में आयोजित बैठक में मजदूरों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। संघ ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर प्रबंधन के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है। हर बार समाधान का भरोसा दिया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया है।

सेल अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी

बैठक में गुवा सेल अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई। संघ ने अस्पताल और शौचालयों की नियमित सफाई कराने, नया एक्स-रे मशीन लगाने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति करने तथा मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता सुधारने की मांग की।

मधुमेह से पीड़ित मरीजों के लिए अलग डाइट की व्यवस्था, नया एंबुलेंस उपलब्ध कराने, पर्याप्त सफाई कर्मियों की नियुक्ति और अस्पताल में जरूरी दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित सिविल कार्यों को शुरू कराने पर भी जोर दिया गया।

गुवा सेल चक्का जाम खत्म, वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त करने पर यूनियन सहमत

गुवा, सेल प्रबंधन,

बारिश में क्वार्टरों में घुसता है पानी

मजदूर क्वार्टरों की स्थिति को लेकर भी संघ ने प्रबंधन को घेरा। बैठक में कहा गया कि बारिश के दौरान कई क्वार्टरों की छत से पानी टपकता है और गंदा पानी घरों में प्रवेश कर जाता है। संघ ने इस समस्या का अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान करने की मांग की।

मजदूरों के लिए 500 नए क्वार्टर बनाने की मांग भी बैठक में प्रमुखता से रखी गई।

ठेका मजदूरों की बहाली और भुगतान का मुद्दा गरमाया

ठेका मजदूरों की समस्याओं को लेकर संघ ने सेल प्रबंधन के पुराने आश्वासन का मुद्दा उठाया। संघ के अनुसार प्रबंधन ने करीब 500 ठेका मजदूरों की बहाली का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक महज 18 मजदूरों की नियुक्ति हुई है।

संघ ने आरोप लगाया कि कुछ ठेकेदारों द्वारा मजदूरों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान किया जा रहा है और कई मामलों में वेतन समय पर नहीं दिया जाता। मजदूरों के फर्जी हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान के जरिए मजदूरी की निकासी किए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई।

इसके अलावा सेमी-स्किल्ड और स्किल्ड श्रमिकों के लंबित भुगतान तथा कोबरा सिक्योरिटी गार्डों के बकाया भुगतान को तत्काल जारी करने की मांग की गई। रिट्रेंचमेंट बेनिफिट के लंबित भुगतान का मामला भी बैठक में उठा।

स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग

बैठक में शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। संघ ने इस्को मध्य विद्यालय में एडॉप्ट शिक्षक की नियुक्ति कराने तथा गुवा डीएवी पब्लिक स्कूल में लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थान पर नए शिक्षकों की नियुक्ति का मुद्दा उठाया।

समाधान नहीं हुआ तो पुतला दहन की चेतावनी

संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर लगातार प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है। इसके बावजूद कई मांगें अब भी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि यदि सेल प्रबंधन ने जल्द ठोस पहल नहीं की तो जनरल ऑफिस के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा और प्रबंधन का पुतला दहन किया जाएगा।

उन्होंने गुवा सेल के सीजीएम चंद्रभूषण कुमार पर भी मजदूरों की समस्याओं को लेकर मौन रहने का आरोप लगाया।

बैठक में महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, राजेश यादव, पदमा केसरी, आरती होरो, संजय सांडिल, प्रशांत चाम्पिया समेत सेल कर्मचारी, ठेका मजदूर और ग्रामीण उपस्थित थे।

http://गुवा में मजदूरों का हल्ला बोल: विभिन्न मांगों को लेकर सेल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन, सीजीएम के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सेल क्वार्टर

Woman Complaint Quarter Occupation : बारिश में ढहा कच्चा घर, सेल का आवंटित क्वार्टर भी नहीं मिला; देवर पर कब्जे का आरोप चार बेटियों के साथ तिरपाल के नीचे रहने को मजबूर महिला, गुवा थाना में शिकायत देकर आवास खाली कराने की मांग