Jamshedpur (जमशेदपुर) : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने निर्वाचन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोलमुरी इलाके में रहने वाले तीन अफगानी नागरिकों के नाम भारतीय मतदाता सूची में दर्ज पाए गए हैं। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने इसकी जांच तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आसिफ खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम नाम के तीन लोगों के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286, हिंदुस्तानी संघ मध्य विद्यालय से संबंधित मतदाता सूची में शामिल हैं। तीनों के अफगानी नागरिक होने की जानकारी सामने आने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
पासपोर्ट कार्यालय ने दी निर्वाचन विभाग को जानकारी
मामले की जानकारी क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दी गई। बताया गया कि तीनों व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच के दौरान नागरिकता और पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी सामने आई है।
पासपोर्ट कार्यालय के अनुसार, तीनों में से एक व्यक्ति का भारतीय पासपोर्ट रद्द किया जा चुका है, जबकि बाकी दो के पासपोर्ट को निरस्त करने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। इसके बाद जिला स्तर पर पूरे मामले की पड़ताल शुरू की गई।
डीसी के निर्देश पर पहुंची जांच टीम
सूचना मिलने के बाद डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई। टीम बुधवार दोपहर गोलमुरी स्थित संबंधित आवास पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए दस्तावेजों की जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान एक व्यक्ति टीम के हाथ लगा, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उससे नागरिकता, पहचान और मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से संबंधित बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
वहीं, मामले से जुड़े दो अन्य लोगों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
कैसे जुड़े मतदाता सूची से नाम, होगी पड़ताल
अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद इन तीनों के नाम भारतीय मतदाता सूची में किस प्रक्रिया के तहत दर्ज हुए। प्रशासन यह भी पता लगाने में जुटा है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था।
जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पूरे मामले में दस्तावेजों की जालसाजी हुई है, पहचान संबंधी कोई गड़बड़ी है या फिर मतदाता सूची तैयार करने के दौरान किसी स्तर पर चूक हुई।
फिलहाल पुलिस और निर्वाचन विभाग दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है। अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।








