Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र के रायकोला गांव में बकरी चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा उस समय सामने आया, जब देर रात एक संदिग्ध युवक को पकड़कर हाईमास्ट लाइट के पोल से बांध दिया गया। घटना गुरुवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर थाना ले गई।
जानकारी के अनुसार, रायकोला गांव में पिछले कुछ दिनों से लगातार बकरियों की चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी थी। चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ग्रामीण रात में जागकर गांव की निगरानी कर रहे थे।
इसी दौरान गुरुवार रात करीब 12 बजे रायकोला चौक के पास सड़क निर्माण कार्य में लगी ठेकेदार की जेसीबी में ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक को बैठे देखा। संदेह होने पर ग्रामीणों ने उसे रोक लिया और पूछताछ शुरू की। युवक द्वारा पूछे गए सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं देने पर ग्रामीणों का शक और बढ़ गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने युवक की तलाशी ली। बताया गया कि उसके पास से दो अलग-अलग बाइकों की चाबियां मिलीं। चाबियां मिलने के बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक किसी चोरी की घटना को अंजाम देने के इरादे से गांव में घूम रहा था।
आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को हाईमास्ट लाइट के पोल से बांध दिया। वह पूरी रात पोल से बंधा रहा। शुक्रवार सुबह गांव के मुंडा मांझी कुंकल ने घटना की जानकारी तांतनगर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एएसआई रामशंकर गुप्ता पुलिस बल के साथ रायकोला पहुंचे। पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
बकरी चोरी में संलिप्तता की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पकड़ा गया युवक वास्तव में बकरी चोरी की घटनाओं में शामिल है या किसी अन्य काम से गांव में आया था। उसके पास से मिली दोनों बाइकों की चाबियों को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं के कारण रायकोला गांव के ग्रामीणों में काफी आक्रोश है और वे रात में पहरा देकर गांव की निगरानी कर रहे हैं।







