Kandra double murder case: कांड्रा दोहरे हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: दो आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर, दो पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

काण्ड्रा अपहरण-दोहरे हत्याकांड

सरायकेला: काण्ड्रा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित अपहरण और दोहरे हत्याकांड में पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश के बीच शुक्रवार को दो फरार आरोपियों ने सरायकेला न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वाले आरोपियों की पहचान राजा टुडू, निवासी सलडीह, और सुनील सोरेन, निवासी जसपुर के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और दबिश दी जा रही थी। पुलिस की कार्रवाई के बढ़ते दबाव के बीच दोनों आरोपियों ने शुक्रवार को न्यायालय में सरेंडर कर दिया। अब पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर मामले में पूछताछ करने की तैयारी में जुटी है।

दो मुख्य आरोपियों को पहले ही किया जा चुका है गिरफ्तार

इस सनसनीखेज मामले में पुलिस इससे पहले दो मुख्य आरोपियों फुलचंद रघुनाथ हांसदा (22) और रविन्द्र मार्डी (25), दोनों निवासी पिण्ड्राबेड़ा, को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे स्थित वनभूमि में जमीन खोदकर दोनों अपहृत युवकों राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव बरामद किए गए थे। शवों को कार्यपालक दंडाधिकारी सह बीडीओ/सीओ गम्हरिया की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए जमीन से बाहर निकाला गया था।

13 अगस्त से लापता थे युवक

वादी रवि हांसदा की शिकायत पर 20 अगस्त को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 13 अगस्त की शाम धतकीडीह स्कूल के समीप आरोपियों ने राहुल हांसदा, तपन प्रधान और सूरज हांसदा के साथ कथित रूप से मारपीट की और उन्हें वाहन से अगवा कर लिया था।

आरोप है कि बाद में राहुल हांसदा और तपन प्रधान की हत्या कर उनके शवों को जमीन में दफना दिया गया। मामले में पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बांस की बल्ली और मोबाइल फोन को पहले ही जब्त कर लिया है।

रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

दोनों फरार आरोपियों के न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद पुलिस अब उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। पूछताछ के दौरान पुलिस वारदात में शामिल अन्य लोगों, घटना के कारण और हत्या से जुड़े बाकी पहलुओं की कड़ियां जोड़ने का प्रयास करेगी।

पुलिस की कार्रवाई से इस मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की उम्मीद बढ़ गई है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *