Jamshedpur: कदमा में 108वें गणेश महोत्सव की भव्य तैयारी, 17 दिनों तक सजेगा मेला

108वां श्री गणेश महोत्सव जमशेदपुर

​जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के कदमा (बी.एच. एरिया, आई.सी. रोड) स्थित ऐतिहासिक संस्था श्री बाल गणपति विलास (स्थापना 1919) की ओर से 108वें श्री गणेश महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

संस्था के ट्रस्टी बी. बापू राव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर 17 दिवसीय इस धार्मिक व सांस्कृतिक महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा साझा की। बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 13 तारीख को शाम 8:00 बजे भव्य पूजा पंडाल के उद्घाटन के साथ होगा। पंडाल का उद्घाटन ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास, समाजसेवी शेखर दे तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी।

108वां श्री गणेश महोत्सव जमशेदपुर

​मुख्य अनुष्ठान 14 तारीख को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर आरंभ होगा। सुबह 9:30 बजे विधि-विधान से भगवान गणेश की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस पावन अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, स्थानीय विधायक सरयू राय और समाजसेवी आर.के. सिन्हा सहित कई विशिष्ट हस्तियां उपस्थित रहेंगी। पूजन व पुष्पांजलि के बाद दोपहर 1:30 से 2:00 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण होगा।

​उसी शाम 6:00 बजे सांसद विद्युत वरण महतो और बन्ना गुप्ता द्वारा मेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। यह मेला 14 से 30 तारीख तक प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। इस वर्ष मेले में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए कई नए आकर्षण और झूले शामिल किए गए हैं।

108वां श्री गणेश महोत्सव जमशेदपुर

​आयोजकों ने इसे सर्वधर्म सद्भाव का प्रतीक बताते हुए सभी नगरवासियों से इसमें शामिल होने की अपील की है। भीड़भाड़ के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं; पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा शांति समिति सक्रिय रहेगी। समिति ने श्रद्धालुओं से पॉकेटमारी व छिनतई जैसी घटनाओं से सतर्क रहने और आभूषणों की सुरक्षा का ध्यान रखने का आग्रह किया है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *