Saraikela: तेज रफ्तार बाइक ने 14 वर्षीय अमन को रौंदा, मौके पर मौत, आक्रोशित लोगों ने बाइक सवार को पकड़ा, सड़क जाम

सरायकेला सड़क हादसा

सरायकेला: सरायकेला में मुख्य सड़क पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। राजबांध हनुमान मंदिर के समीप तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे किशोर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने बाइक सवार को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार को अपने कब्जे में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।

सरायकेला सड़क हादसा

मृतक की पहचान कमालपुर गांव निवासी अमन अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अमन अपने बड़े भाई परवेज से मिलने के लिए राजबांध स्थित उनकी वेल्डिंग दुकान पर आया था। इसी दौरान वह मुख्य सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही मैक्सिमो यात्री गाड़ी से भी जा टकराई। घटना के बाद बाइक सवार मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

सरायकेला सड़क हादसा

किशोर की मौत के बाद सड़क जाम

अमन की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने तथा यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के प्रयास में जुटी रही।

घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ बाइक सवार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *