Saraikela Police Action: सरायकेला पुलिस का अपराध और नशे के सौदागरों पर कड़ा प्रहार: 164 आरोपी गिरफ्तार, एसपी मनोज स्वर्गायारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

सरायकेला पुलिस

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने अपराधियों और नशा तस्करों के विरुद्ध चौतरफा अभियान छेड़ दिया है।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी के कुशल नेतृत्व में चलाए गए इस व्यापक अभियान में पुलिस को उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी है। “सेवा ही लक्ष्य” और “अपराधियों पर सख्त कार्रवाई, आमजन की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी” के संकल्प के साथ मैदान में उतरी पुलिस टीम ने समाजविरोधी तत्वों की कमर तोड़ दी है।

​हथियार सिंडिकेट और वारंटियों पर कार्रवाई

इस विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से संगीन वारदातों में लिप्त कुल 164 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अवैध हथियारों की तस्करी पर बड़ा प्रहार करते हुए पुलिस ने 15 अवैध आर्म्स और 812 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा, लंबे समय से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के तहत 457 गैर-जमानती वारंट (NBW) और 9 स्थायी वारंट का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।

​नशे के नेटवर्क पर सर्जिकल स्ट्राइक

मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत ₹7.5 लाख नकद जब्त किए। साथ ही, 3.018 किलोग्राम अफीम और 26.45 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद कर अंतरराज्यीय तस्कर नेटवर्क को ध्वस्त किया।

​मानवीय संवेदनशीलता: 62 लापता सकुशल बरामद

सख्त कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दिया। विभिन्न क्षेत्रों से गुम या चोरी हुए 75 मोबाइल फोन ट्रैक कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। वहीं, विभिन्न थाना क्षेत्रों से लापता हुए 62 व्यक्तियों को सकुशल ढूंढकर उनके परिजनों से मिलाया गया।

​एसपी मनोज स्वर्गायारी की अगुवाई में मिली इस बड़ी उपलब्धि ने जिले में ‘सेवा, सुरक्षा और विश्वास’ के ध्येय को धरातल पर साबित किया है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *