आदित्यपुर। औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं और उनके बुनियादी अधिकारों को लेकर कोल्हान सह टायो मजदूर यूनियन ने आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियन के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने आदित्यपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आगामी 20 सितंबर को आदित्यपुर खरकई पुल से गम्हरिया स्थित टायो गेट तक विशाल मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। इसके बाद घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में जनसभा आयोजित की जाएगी।
‘उद्योग मजबूत हों, मजदूर सुरक्षित हों’
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अरविंद सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम किसी उद्योग या प्रबंधन के विरोध के लिए नहीं, बल्कि श्रमिकों के अधिकारों और सम्मान की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूनियन का संकल्प है कि उद्योग मजबूत हों, मजदूर सुरक्षित हों और श्रम का सम्मान हो।

उन्होंने मजदूरों से जुड़े 18 सूत्रीय मुद्दों को उठाते हुए औद्योगिक इकाइयों में श्रम कानूनों के कथित उल्लंघन पर सवाल उठाए। अरविंद सिंह के अनुसार कई कारखानों में श्रमिकों से 12-12 घंटे तक काम कराया जा रहा है, जबकि साप्ताहिक अवकाश, स्वच्छ पेयजल और विश्राम जैसी सुविधाओं की कमी है।
वेतन, बोनस और श्रम कानूनों को लेकर सवाल
अरविंद सिंह ने कहा कि समान कार्य करने वाले स्थायी और अस्थायी श्रमिकों के वेतन एवं बोनस में अंतर की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने न्यूनतम वेतन, पीएफ, ईएसआई और ओवरटाइम से जुड़े नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अपने अधिकारों की मांग करने वाले श्रमिकों के बीच नौकरी जाने का भय बना रहता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ औद्योगिक प्रतिष्ठानों में स्किल्ड श्रमिकों को सेमी-स्किल्ड या कॉन्ट्रैक्ट श्रेणी में रखकर उनका ग्रेड कम किया जा रहा है। वहीं, अधिकारों की आवाज उठाने वाले मजदूरों के तबादले के जरिए कथित तौर पर उन्हें परेशान किए जाने की शिकायतें भी हैं।
औद्योगिक क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं की मांग
यूनियन अध्यक्ष ने श्रम विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत, ड्रेनेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, अतिरिक्त पुलिस आउटपोस्ट और श्रमिकों के लिए सुरक्षित बस सेवा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर जल्द ही खुली बहस आयोजित की जाएगी।
अरविंद सिंह ने कोल्हान क्षेत्र के मजदूरों और आम नागरिकों से 20 सितंबर को प्रस्तावित मानव श्रृंखला एवं जनसभा में शामिल होने की अपील की।
प्रेस वार्ता में कोल्हान मजदूर यूनियन के उपाध्यक्ष बसंत कुमार, महामंत्री अजय कुमार शर्मा, जगदीश नारायण चौबे तथा असंगठित मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








