आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के आकाशवाणी चौक के पास सरेराह दबंगई और हिंसा का एक मामला सामने आया है। वार्ड संख्या 13 के पार्षद शांतनु घोष के साथ एक अनियंत्रित ऑटो चालक ने न केवल गाली-गलौज व मारपीट की, बल्कि लोहे की रॉड से उनकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर उनका आईफोन भी चकनाचूर कर दिया।

घटना के बाद पीड़ित पार्षद ने आदित्यपुर थाने में आरोपी चालक के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पार्षद शांतनु घोष के अनुसार, वह बिष्टुपुर से अपने घर लौट रहे थे और आकाशवाणी चौक के समीप अपनी बाइक खड़ी कर रखी थी। इसी बीच तेज रफ्तार में आए एक ऑटो चालक ने उनकी दोपहिया वाहन में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सड़क पर गिर गई। जब पार्षद ने चालक से ऑटो थोड़ा पीछे करने का आग्रह किया ताकि वे अपनी गाड़ी उठा सकें, तो चालक आपा खो बैठा।

चालक ऑटो से लोहे की रॉड निकालकर बाहर आया और पार्षद की बाइक की हेडलाइट तोड़ दी। विरोध जताने पर उसने पार्षद पर हमला करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद जेब से उनका आईफोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे फोन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के दौरान आरोपी ने पार्षद को फोन कर अंजाम भुगतने और थाने में भी देख लेने की खुली धमकी दी। बीच सड़क पर एक जनप्रतिनिधि के साथ हुई इस घटना से स्थानीय नागरिकों में रोष है।








