Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग-2026 में बुधवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मनोहरपुर लायंस और सारंडा वारियर्स के बीच मुकाबला टाई रहा, जबकि दूसरे मैच में कोल्हान किंग ने चाईबासा चैलेंजर्स को 30 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

256 रन के स्कोर पर बराबरी, दोनों टीमों को मिले समान अंक
सुबह 9 बजे से खेले गए पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मनोहरपुर लायंस ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 256 रन बनाए। टीम की ओर से मयंक पाल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 55 गेंदों में 14 चौके और 13 छक्कों की मदद से 149 रन बनाए। जिशान हाशमी ने 34 रनों का योगदान दिया।
सारंडा वारियर्स की ओर से विवेक कुमार ने 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारंडा वारियर्स ने भी शानदार बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 256 रन बना दिए। इस तरह मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। लीग के नियमों के अनुसार स्कोर बराबर रहने पर दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया।
सारंडा वारियर्स की ओर से विवेक कुमार ने आठ चौके और छह छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। वहीं अंकित शर्मा ने सिर्फ 16 गेंदों में 10 छक्कों की मदद से 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अंकित ने मनोहरपुर लायंस के गेंदबाज विशाल शर्मा के एक ओवर में छह छक्के जड़ दिए।
मनोहरपुर लायंस की ओर से तन्मय तंतुबाई, विनय यादव और सुप्रियो चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। मैच के बाद चाईबासा नगर पर्षद के उपाध्यक्ष विकास शर्मा ने मयंक पाल को शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।
कोल्हान किंग ने चाईबासा चैलेंजर्स को 30 रन से हराया
दोपहर एक बजे से खेले गए दूसरे मुकाबले में कोल्हान किंग ने चाईबासा चैलेंजर्स को 30 रनों से शिकस्त दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोल्हान किंग ने 20 ओवर में सात विकेट पर 223 रन बनाए।
टीम के स्टार बल्लेबाज रोबिन मिंज ने 39 गेंदों में सात चौके और सात छक्कों की मदद से 82 रन की शानदार पारी खेली। आशीष तनवर ने भी 23 गेंदों में दो चौके और छह छक्कों की मदद से 52 रन बनाए।
चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से आकाश कुमार और एमोस एक्का ने दो-दो विकेट हासिल किए।
224 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाईबासा चैलेंजर्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 193 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सचिन दूबे ने 84 रन, अरविंद कुमार ने 42 रन और सुमित शर्मा ने 41 रन बनाए।
कोल्हान किंग की ओर से वामहस्त स्पिनर आशीष कुमार सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर चार विकेट झटके। विश्वजीत सिंह ने दो और सन्नी मिश्रा ने एक विकेट हासिल किया।
मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार समारोह में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष सह पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मूँधड़ा ने रोबिन मिंज को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया।








