Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के नए क्रिकेट सत्र की तैयारियों को लेकर कार्यकारिणी समिति की पांचवीं बैठक रविवार, 13 सितंबर को बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम स्थित एस.आर. रूंगटा पैविलियन में हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने की। इसमें वित्तीय लेखा-जोखा, आगामी बजट, क्रिकेट कैलेंडर और पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए गए।
बैठक में संघ के कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंकेक्षित आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। इसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार संघ को विभिन्न स्रोतों से कुल 39,75,613 रुपये की आय हुई, जबकि अलग-अलग मदों में 34,15,699 रुपये खर्च किए गए। इस तरह वित्तीय वर्ष के अंत में संघ के पास 5,59,614 रुपये की बचत रही।
कोषाध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि संघ की ओर से आकलन वर्ष 2026-27 का आयकर रिटर्न दाखिल किया जा चुका है।

2026-27 के बजट और क्रिकेट कैलेंडर को मंजूरी
कार्यकारिणी समिति ने चर्चा के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट को भी स्वीकृति प्रदान की। वहीं, आगामी क्रिकेट सत्र के कैलेंडर में आवश्यक आंशिक संशोधन करने के बाद उसे भी मंजूरी दे दी गई।
महासचिव असीम कुमार सिंह द्वारा तैयार की गई 127 पन्नों की वार्षिक रिपोर्ट को भी समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।
26 सितंबर से शुरू होगी टी-20 लीग
बैठक का प्रमुख मुद्दा आगामी पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग रहा। महासचिव ने सदस्यों को बताया कि लीग का आयोजन 26 सितंबर से किया जाना है। लीग के सफल संचालन के लिए पिछली बैठक में गठित गवर्निंग काउंसिल की अब तक हुई चार बैठकों में लिए गए फैसलों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने इन निर्णयों को स्वीकृति प्रदान की।
इस लीग के आयोजन को लेकर जिला क्रिकेट संघ की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इससे नए क्रिकेट सत्र की शुरुआत प्रतिस्पर्धी टी-20 क्रिकेट के साथ होगी।

बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा के अलावा उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंघानिया, महासचिव असीम कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार, संयुक्त सचिव अनूप बर्मन और ओम प्रकाश गुप्ता, सहायक सचिव शाहिद अख्तर, कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र चौबे, राजीव कुमार और आलम अंसारी मौजूद रहे।

स्कूल प्रतिनिधि के रूप में सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के जय प्रकाश शामिल हुए। आमंत्रित सदस्यों में एस.आर. रूंगटा ए-डिवीजन लीग की विजेता टीम यंग झारखंड क्रिकेट क्लब, चाईबासा के सचिव श्याम किशोर प्रसाद तथा एस.आर. रूंगटा बी-डिवीजन लीग की विजेता टीम एस.आर. रूंगटा ग्रुप के प्रतिनिधि कृष्णा शर्मा उपस्थित थे।








