चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल अनुमंडल की कपाली ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर आपराधिक मामले में वांछित प्राथमिकी अभियुक्त को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 21 वर्षीय रवि सिंह मुंडा के रूप में हुई है, जो सामल सिंह मुंडा का पुत्र है तथा नीमडीह थाना क्षेत्र के रूपडू गांव का निवासी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 101/26 (दिनांक 16 जुलाई 2026) के तहत की गई है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) [हत्या], 238 [साक्ष्य मिटाना/गुमराह करना], 89 तथा 3(5) [सामूहिक दायित्व] के तहत प्राथमिकी दर्ज थी। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
वरीय पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देश में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। कपाली ओपी पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद अभियुक्त को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं और संभावित सहयोगियों की जांच में जुटी है।







