Adityapur (आदित्यपुर): शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था तथा सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।

गुरुवार को आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एशिया भवन सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरी की अध्यक्षता में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई।
श्रद्धालुओं से सौम्य व्यवहार और सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि शाम के वक्त पूजा पंडालों में दर्शनार्थियों की व्यापक भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए तैनात सभी कर्मी सेवा भाव और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने पूजा समितियों के सहयोग से पंडालों में अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा और निकास द्वारों की वास्तविक स्थिति की गहन जांच करने का आदेश दिया। विसर्जन प्रक्रिया पर स्पष्ट निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि निर्धारित घाटों पर ही प्रतिमा विसर्जन होगा। साथ ही विसर्जन में शामिल वाहनों की तकनीकी फिटनेस और चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से एल्कोहल जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया पर अफवाहों और रील्स बनाने की होड़ से दूर रहने की भी अपील की।
खुफिया निगरानी और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरी ने बताया कि आदित्यपुर और गम्हरिया अंचल में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 800 अतिरिक्त सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रमुख पंडालों और संवेदनशील चौराहों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में छिनतई, छेड़खानी और पॉकेटमारी रोकने के लिए सादे लिबास में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी गश्त करेंगे। असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने की चेतावनी दी गई है।
बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अभिनव प्रकाश, एसडीसी जयवर्धन कुमार, यातायात प्रभारी राजू सहित जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारी व सभी थानों के प्रभारी उपस्थित रहे।









One Response