Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर-गम्हरिया मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की लापरवाही के कारण रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नगर निगम की 50 वर्षीय महिला सफाईकर्मी बुधनी हांसदा की जान चली गई। घटना सुबह करीब 10 बजे मंगलम सिटी के समीप घटी, जब शुभ लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट से संबद्ध एक ट्रेलर बैक करने के दौरान पीछे सफाई का काम कर रहीं बुधनी को जोरदार टक्कर मार बैठा।
पश्चिमी सिंहभूम में भीषण सड़क हादसा: कार-ट्रेलर की टक्कर में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 2 गंभीर
बालीडीह तिला गांव की निवासी अविवाहित बुधनी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुनील कुमार से जुड़े ट्रांसपोर्ट का वाहन चालक बेहद लापरवाही से गाड़ी पीछे कर रहा था, जिससे बुधनी गंभीर रूप से कुचल गईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने संबंधित ट्रेलर को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शाम को पोस्टमार्टम संपन्न होने के बाद आक्रोशित परिजन सीधे शव लेकर आदित्यपुर थाना पहुंच गए। थाने में गम और आक्रोश के बीच परिजनों तथा ट्रांसपोर्ट प्रबंधन के बीच आर्थिक सहायता व मुआवजे को लेकर बातचीत शुरू हुई। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार की उपस्थिति में दोनों पक्षों के बीच घंटों तक चली यह वार्ता अंततः किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी और बेनतीजा रही।








