Adityapur: आदित्यपुर: राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, आदित्यपुर में विद्यार्थियों की तकनीकी प्रतिभा और कलात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘सृजन’ प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया।

इस गतिविधि में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने रोबोटिक्स व इंजीनियरिंग आधारित मॉडल्स के अलावा वॉल हैंगिंग, रंगोली और पेंटिंग जैसी आकर्षक कलाकृतियों का प्रदर्शन कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया

कार्यक्रम में संस्थान के प्रिंसिपल डॉ संजीव कुमार ने छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “आज का युग बदलाव और स्टार्टअप का है। युवाओं को सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनना होगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रोजेक्ट्स ही इंजीनियरिंग की वास्तविक रीढ़ हैं। संस्थान का संकल्प ‘एकेडमिक फर्स्ट’ के साथ विद्यार्थियों के नवाचार को निखारना है, ताकि वे पढ़ाई के तनाव से मुक्त होकर अपनी रचनात्मकता को धरातल पर उतार सकें। शिक्षकों ने विगत तीन दिनों तक विद्यार्थियों का निरंतर मार्गदर्शन किया।
प्रदर्शनी में मॉडल्स के मूल्यांकन और छात्रों का मनोबल बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में एएसआर मेटालर्जी के डायरेक्टर समीर कुंडलाना तथा जीएम (सेल्स) बिधान मंडल उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्रों के प्रयासों की जमकर सराहना की।
इस अवसर पर कॉलेज संकाय से आर. आर. उपाध्याय, सी. के. सिंह, विष्णु, अशोक, संजीत मुंडा, प्रिया पांडे, ममता, आई. डी. पंडित और गुलशन कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।








