गम्हरिया थाने में न्याय मांगने पहुंची महिला से दुष्कर्म, SP मनोज स्वर्गीयारी ने थाना प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड, SIT गठित

Saraikela (सरायकेला) : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने के भीतर खाकी को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची एक असहाय महिला के साथ थाना परिसर में ही दुष्कर्म किया गया।

 

 

गम्हरिया थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची पीड़िता ने पुलिसकर्मी पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, एसडीपीओ ने की जांच

इस जघन्य घटना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने सख्त रुख अपनाया है और गम्हरिया थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता गुरुवार को पारिवारिक कलह से परेशान होकर न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंची थी। पीड़िता का आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी (सिपाही) नीरज लकड़ा ने मर्यादा को तार-तार करते हुए थाने के ही एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

 

​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। शुक्रवार देर रात एसडीपीओ दल-बल के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे और साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से घटनास्थल वाले कमरे को तत्काल सील कर सुरक्षित करवा दिया।

​कार्रवाई के तहत थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को लापरवाही व कर्तव्यहीनता के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है।

 

​एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करते हुए गहन अनुसंधान जारी है और मामले में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

http://आदित्यपुर पुलिस की कार्रवाई: दुष्कर्म के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *