आदित्यपुर :श्रीश्री एमआईजी काली पूजा कमेटी की ओर से इस वर्ष काली पूजा महोत्सव बेहद भव्य एवं सामाजिक सरोकार के साथ मनाया जाएगा।

कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर पांच दिवसीय कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। पूजा पंडाल का उद्धघाटन आगामी 7 नवंबर (शनिवार) को शाम 6 बजे पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा द्वारा किया जाएगा। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के तौर पर विधायक सरयू राय, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व आईजी लक्ष्मण प्रसाद सिंह, मेयर संजय सरदार एवं कांग्रेस महासचिव अजय कुमार सिंह समेत कई गणमान्य मौजूद रहेंगे।
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत 8 नवंबर (रविवार) की शाम 6 बजे मां काली के विधि-विधान से पूजन के साथ होगी। पूजन उपरांत सामाजिक दायित्व के तहत 10 हजार असहाय एवं निर्धन लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया जाएगा। साथ ही समाज के 10 विशिष्ट लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।
9 नवंबर (सोमवार) को सुबह 5 बजे से 10 बजे तक विशाल निःशुल्क महाभोग का वितरण होगा। उसी शाम 6 बजे से नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसका उद्घाटन किरण झा, डॉ. रजनी सिन्हा और शारदा देवी संयुक्त रूप से करेंगी।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 10 नवंबर (मंगलवार) की शाम 7 बजे आयोजित होने वाली ‘भजन संध्या’ होगी। इसमें प्रसिद्ध भोजपुरी लोकगायिका शिल्पी राज और स्थानीय कलाकार कृष्णामूर्ति अपनी टीम के साथ भक्ति रस बिखेरेंगे। भजन संध्या का दीप प्रज्ज्वलन राज्यसभा सांसद आदित्य साहु, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद पी. एन. सिंह, डॉ. रवीन्द्र राय, सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, चतरा सांसद कालीचरण सिंह और उपमहापौर अंकुर सिंह करेंगे।
11 नवंबर (बुधवार) को दोपहर 3 बजे गाजे-बाजे के साथ प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। प्रेसवार्ता में अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, चेयरमैन समरेंद्र प्रताप सिंह, सचिव दीपक जायसवाल, संरक्षक कन्हैया दुबे, महासचिव सुमित कुमार, कोषाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष प्रभात सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।








