Adityapur News: ₹3.78 करोड़ से बनेंगे दो आधुनिक वेंडिंग जोन, वार्ड 13 और 20 में मेयर-डिप्टी मेयर ने रखी आधारशिला

आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित और सुरक्षित व्यावसायिक स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। नगर निगम के वार्ड संख्या 13 और 20 में कुल 3 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से दो आधुनिक वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा। गुरुवार को मेयर संजय सरदार और डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने संबंधित वार्डों के जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर दोनों योजनाओं की आधारशिला रखी।

योजना के तहत वार्ड संख्या 13 में आशियाना मोड़ के समीप 12 डिसमिल जमीन पर लगभग 78 लाख रुपये की लागत से वेंडिंग मार्केट बनाया जाएगा। वहीं, वार्ड संख्या 20 में एक एकड़ भूमि पर करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बड़े वेंडिंग मार्केट का निर्माण होगा। यहां 100 से अधिक दुकानों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा दुकानदारों और ग्राहकों की सुविधा के लिए दो आधुनिक शौचालय तथा सुरक्षा के लिए चारदीवारी का भी निर्माण कराया जाएगा।

 

पुराने दुकानदारों को आवंटन में मिलेगी प्राथमिकता

 

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मेयर संजय सरदार ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क किनारे ठेला-खोमचा लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले गरीब दुकानदारों को सम्मानजनक और स्थायी स्थान उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्षों से फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले स्थानीय वेंडरों को आवंटन में पहली प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्माण के लिए अंचल अधिकारी की ओर से गैर-मजरूआ जमीन उपलब्ध कराई गई है। भविष्य में अन्य 500 दुकानों के लिए भी जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।

 

अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम से मिलेगी राह

 

डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि सड़क किनारे दुकान लगाने वाले वेंडरों को अक्सर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान परेशानी उठानी पड़ती थी। वेंडिंग जोन बनने से उन्हें सुरक्षित और स्थायी ठिकाना मिलेगा। साथ ही मुख्य सड़कों पर बेतरतीब ढंग से लगने वाली दुकानों के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी।

 

इस मौके पर वार्ड 13 के पार्षद शांतनु घोष और वार्ड 20 के पूर्व पार्षद सह पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र गुप्ता सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।

 

दोनों वेंडिंग जोन के निर्माण से फुटपाथ दुकानदारों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ आदित्यपुर की यातायात व्यवस्था और शहरी बाजार प्रबंधन को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *