Adityapur: छठ पर्व को लेकर एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा के लिए तैनात होंगे पुलिस जवान और गोताखोर

आदित्यपुर। आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और संभावित खतरों का जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत आदित्यपुर स्थित जयप्रकाश उद्यान छठ घाट से हुई। इसके बाद एसपी ने आदित्यपुर-2 होते हुए सापड़ा तक विभिन्न छठ घाटों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी प्रमुख छठ घाटों का सत्यापन कर लिया गया है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों पर गोताखोर भी तैनात रहेंगे।

एसपी ने कहा कि महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह और शाम के अर्घ्य के दौरान घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, जिन घाटों पर पानी की गहराई अथवा अन्य कारणों से दुर्घटना की आशंका रहेगी, वहां डेंजर जोन चिह्नित कर बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित दायरे में रहकर पूजा-अर्चना कर सकें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर छठ घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया। इसके अलावा पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ, आदित्यपुर थाना प्रभारी, ट्रैफिक प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *