Adityapur News: एमआईजी काली पूजा पंडाल का पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने किया भव्य उद्घाटन, बोले- मां का आशीर्वाद सब पर बना रहे

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एमआईजी क्षेत्र में श्रीश्री एमआईजी काली पूजा कमेटी की ओर से आयोजित पांच दिवसीय भव्य काली पूजा महोत्सव का शनिवार शाम धूमधाम से शुभारंभ हुआ। आकर्षक विद्युत सज्जा और कलात्मक निर्माण से सुसज्जित भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने फीता काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि एमआईजी क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष काली पूजा का आयोजन बेहद भव्य और आत्मीय वातावरण में किया जाता है। उन्होंने कहा कि मां काली की असीम कृपा से इस पावन अवसर पर पुराने साथियों और आत्मीयजनों से मिलने का अवसर मिलता है। उन्होंने कामना की कि मां काली का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे और लोग इसी तरह धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहें।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सरयू राय, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व आईजी लक्ष्मण प्रसाद सिंह, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार तथा कांग्रेस महासचिव अजय कुमार सिंह शामिल हुए। सभी अतिथियों ने मां काली के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

 

कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष पांच दिवसीय काली पूजा महोत्सव को धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। महोत्सव के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना, जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य, महाप्रसाद वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमेटी की ओर से स्वयंसेवकों की तैनाती सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *